इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम को 20 जून से 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है, जिससे पहले टीम इंडिया को एक अच्छी खबर केएल राहुल के फॉर्म को लेकर मिली है। इंडिया ए और इंग्लैंड लायंस के बीच खेली जा रही दो मैचों की अनऔपचारिक टेस्ट मैच की सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया की मुख्य स्क्वाड का हिस्सा केएल राहुल का बल्ले से कमाल देखने को मिला है। नॉर्थेम्प्टन के मैदान पर खेले जा रहे इंग्लैंड लायंस के खिलाफ मुकाबले में राहुल ने 116 रनों की शानदार पारी खेली।
ओपनिंग में उतरे राहुल और पक्की कर ली जगह
रोहित शर्मा के टेस्ट से रिटायरमेंट लेने के बाद यशस्वी जायसवाल के साथ किस प्लेयर को ओपनिंग करने का मौका मिलेगा इसको लेकर भी केएल राहुल की इस शतकीय पारी से तस्वीर पूरी तरह से साफ हो गई है। राहुल ने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ मुकाबले में यशस्वी जायसवाल के साथ ओपनिंग करने के साथ शुरुआती ओवर्स में काफी संभलकर बल्लेबाजी की जिसमें उन्हें पहले करुण नायर और उसके बाद ध्रुव जुरेल का साथ मिला। केएल राहुल ने अपनी 116 रनों की पारी के दौरान कुल 168 गेंदों का सामना किया जिसमें 15 चौके और एक छक्का शामिल था। राहुल ने इस दौरान इंग्लैंड की पहले टेस्ट मैच के लिए घोषित हुई स्क्वाड का हिस्सा तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स और जोश टंग की गेंदबाजी का भी सामना किया। राहुल को पहले दिन के आखिरी सेशन में इंग्लैंड लायंस टीम के गेंदबाज जॉर्ज हिल ने अपना शिकार बनाया।
ध्रुव जुरेल ने खेली अर्धशतकीय पारी, करुण नायर 40 रन बनाकर हुए आउट
केएल राहुल की शतकीय पारी के अलावा इंग्लैंड लायंस के खिलाफ पहले दिन के खेल में इंडिया-ए टीम की तरफ से ध्रुव जुरेल के बल्ले से भी 52 रनों की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी देखने को मिली जिसमें उन्होंने कुल 87 गेंदों का सामना किया। वहीं इसके अलावा पहले अनऔपचारिक टेस्ट मैच में दोहरा शतक लगाने वाले करुण नायर दूसरे मुकाबले की पहली पारी में 71 गेंदों का सामना करने के बाद 40 रन बनाकर क्रिस वोक्स का शिकार बने। पहले दिन का खेल खत्म होने पर इंडिया-ए टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 319 रनों का स्कोर बना लिया था।
Hi, this is a comment.
To get started with moderating, editing, and deleting comments, please visit the Comments screen in the dashboard.
Commenter avatars come from Gravatar.